चौबीस घंटे के भीतर ही तेंदुए ने दूसरी बच्ची को बनाया निशाना

WhatsApp Channel Join Now
चौबीस घंटे के भीतर ही तेंदुए ने दूसरी बच्ची को बनाया निशाना


मुरादाबाद, 01 अप्रैल (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद के थाना कांठ क्षेत्र गांव मिश्रीपुर में चौबीस घंटे के भीतर ही तेंदुए ने घर के अंदर घुसकर चारपाई पर लेटी चौथी क्लास में पढ़ रही आठ साल की छात्रा को हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। तेंदुआ उसे खींचकर ले जा रहा था कि भाई के शोर मचाने पर परिजन लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो तेंदुआ उसे छोड़कर खेतों में भाग गया। हमले में गंभीर घायल हुई छात्रा को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

कांठ क्षेत्र के गांव मिश्रीपुर निवासी अवनेश कुमार का घर गांव के अंतिम छोर पर खेतों से सटा हुआ है। उसके घर की बाउंड्री और गेट भी नहीं है। बुधवार शाम करीब चार बजे उसकी कक्षा चार में पढ़ने वाली आठ साल की सबसे छोटी बेटी दीपांशी घर के आंगन में ही चारपाई पर लेटी हुई थी, पास में ही उसका बड़ा भाई विशाल भी बैठा था। तभी अचानक खेतों की तरफ से आए तेंदुए ने दीपांशी पर हमला कर दिया और वह उसे जबड़े में दबाकर खींचते हुए ले जाने लगा। वह उसे चार-पांच मीटर तक ही ले जा पाया था कि विशाल के शोर मचाने पर मां बबीता देवी, पिता अवनेश शोर मचाते हुए लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो तेंदुआ उसे छोड़कर बराबर के गन्ने के खेत में भाग गया। इधर तेंदुए के हमले से दीपांशी गंभीर रूप से घायल हो गई।

शोर सुनकर तमाम ग्रामीण भी एकत्र हो गए। उन्होंने लाठी-डंडे लेकर तेंदुए की काफी तलाश की, मगर वह दूर तक फैले गन्ने के खेतों में ओझल हो गया। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस भी आ गई। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण गंभीर घायल छात्रा को इलाज के लिए कांठ सीएचसी लेकर आए। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

बता दें कि 31 मार्च की देर शाम भी तेंदुए ने क्षेत्र के गांव महदूद कलमी निवासी अकरम के घर में घुसकर उसकी दो साल की मासूम बेटी सिदरा पर हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया था।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 24 घंटे में तेंदुए के द्वारा दो घटनाओं को अंजाम दिया गया। जिसको लेकर वन विभाग और थाना पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। गुरुवार को दोनों घटना स्थलों के पास तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story