मुरादाबाद: पाकबड़ा में तेंदुआ काे पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाया पिंजरा

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद: पाकबड़ा में तेंदुआ काे पकड़ने के लिए वन विभाग ने लगाया पिंजरा


मुरादाबाद, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र में तेंदुए की लगातार बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। मंगलवार को टीएमयू कॉलेज के पास बागड़पुर गांव में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग ने पिंजरा लगा दिया है। मंगलवार दाेपहर दोपहर वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर कई स्थानों पर निगरानी बढ़ाई। पुलिस और वन विभाग की टीमें भी अलर्ट हैं।

मंगलवार सुबह थाना पकवाड़ा क्षेत्र के पल्लूपुरा घोसी गांव के पास भी ग्रामीणों को तेंदुआ नजर आने की सूचना मिली। इसके बाद आसपास के गांवों में भी लोगों में भय बढ़ गया। आज सुबह 11 बजे के लगभग नगला बनवीर गांव में सलीम सैफी अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा काटने गए थे। इसी दौरान पास के खेत से अचानक उन्हें तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुए को सामने देखकर सलीम सैफी के होश उड़ गए। उन्होंने किसी तरह वहां से हटकर अपनी जान बचाई। आसपास खेतों में काम कर रहे अन्य किसान भी तेंदुए की आहट मिलने पर सुरक्षित स्थानों और अपने घरों की ओर चले गए।

तेंदुए की लगातार दिखाई देने की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। गांव में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। ग्रामीण खेतों की ओर जाने से भी बच रहे हैं। लोगों का कहना है कि पहले तेंदुए की गतिविधियां ग्रामीण इलाकों तक सीमित थीं, लेकिन अब शहरी क्षेत्र के आसपास भी उसके दिखाई देने से चिंता बढ़ गई है।

जिला वन अधिकारी (डीएफओ) डॉ. विनय कुमार पांडे का कहना है कि वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। क्षेत्र में व पिंजरा लगाया गया है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story