मुरादाबाद में छठा तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों काे मिली राहत

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में छठा तेंदुआ पिंजरे में कैद, ग्रामीणों काे मिली राहत


-वन विभाग की रेस्क्यू टीम द्वारा लगाए गए केज ट्रैप के माध्यम से तेंदुए का रेस्क्यू किया

-संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय : जिलाधिकारी

मुरादाबाद, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जनपद के तहसील ठाकुरद्वारा ग्राम रामूवाला शेखू क्षेत्र में सोमवार तड़के वन विभाग की लगाए गये पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हाे गया। यह छठा तेंदुआ है, जिसकाें टीम ने रेस्कयू किया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पिंजरे को अपने कब्जे में ले लिया। उसे देखने के लिए ग्रामीणाें की भीड़ जुटी थी।

जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया ने बताया कि संवेदनशीलता के दृष्टिकोण से वन विभाग की देखरेख में रेस्क्यू टीम लगातार सक्रिय है। साथ ही प्रशासनिक स्तर से पूरे संवेदनशील क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामों ने सतर्कता एवं जागरूकता के लिए चौपालें आयोजित की जा रही हैं। पूरे संवेदनशील क्षेत्र से अब तक 06 तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है।

जिलाधिकारी ने बताया कि थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के कई गांव में बीते दो पखवाड़े से तेंदुए कई लोगों काे और उनके जानवरों को अपना शिकार बना चुके हैं। इसके बाद से तेंदुए की सक्रियता ने ठाकुरद्वारा क्षेत्र के कई गांव के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रखी थी। खेत में काम करने जाने वाले किसानों और चारा लेने जाने वाली महिलाओं को भी डर लग रहा था कि कब तेंदुआ उन पर हमला कर दें। हालांकि वन विभाग ने लाेगाें काे सतर्कता बरतने के साथ प्रभावित गांवों में निगरानी बढ़ाने के साथ जगह पिंजरे लगाए थे।

इन्हीं पिंजराें मे से एक पिंजरे सोमवार सुबह के लगभग पांच बजे के आसपास वन विभाग की रेस्क्यू टीम को ग्राम रामूवाला शेखू क्षेत्र में सफलता मिली। तेंदुए के पिंजरे में कैद हो जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। अब उसके शारीरिक परीक्षण के बाद घने जंगल में छाेड़ा जाएगा, ताकि वह दाेबारा गांव की ओर न आ सके।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story