खेत से निकले तेंदुए ने बच्चे को बनाया निशाना, गांव में मची चीख-पुकार
बहराइच, 28 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज अंतर्गत लंबे पूर्वा मुखिया फार्म गांव में शनिवार शाम गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने चार वर्षीय मासूम पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेंदुए ने बच्चे की गर्दन और मुंह पर पंजों से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ खेतों की ओर भाग गया।
लंबे पूर्वा मुखिया फार्म निवासी घनश्याम का चार वर्षीय पुत्र अवियांश चौहान शनिवार शाम करीब चार बजे घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से अचानक निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। तेंदुए ने बच्चे की गर्दन और मुंह को पंजों से बुरी तरह जख्मी कर दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े। लोगों का शोर सुनकर तेंदुआ गन्ने के खेत में भाग गया।
ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को एंबुलेंस से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे सीएचसी मोतीपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर निशानगाड़ा वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार के निर्देश पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील करते हुए मुनादी कराई। बच्चों को अकेले घर से बाहर नहीं निकलने और आसपास विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई।
वन विभाग की टीम गन्ने के खेत में तेंदुए की तलाश कर उसे भगाने का प्रयास कर रही है। वन क्षेत्राधिकारी शिव कुमार ने बताया कि जंगली जानवर के हमले में बच्चा घायल हुआ है। वन विभाग की ओर से उसके उपचार की व्यवस्था कराई गई है। फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

