मां की गोद से छह साल की रागिनी को उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मौत

WhatsApp Channel Join Now
मां की गोद से छह साल की रागिनी को उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मौत


बहराइच, 05 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग की निशानगाड़ा रेंज के भट्ठा बरगदहा गांव में गुरुवार शाम तेंदुए के हमले में छह वर्षीय मासूम रागिनी की दर्दनाक मौत हो गई। मां की गोद में बैठी बच्ची को तेंदुआ अचानक जबड़े में दबाकर करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में खींच ले गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल मासूम की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

घटना गुरुवार शाम करीब 5:45 बजे की है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में लगभग आधे घंटे से बिजली गुल थी। इसी दौरान सरयू नहर किनारे बसे भट्ठा बरगदहा गांव में गन्ने के खेत की ओर से आए तेंदुए ने घर के बाहर मां किरण की गोद में बैठी रागिनी पर हमला कर दिया। इससे पहले कि मां कुछ समझ पाती, तेंदुआ बच्ची की गर्दन जबड़े में दबाकर उसे खेत की ओर खींच ले गया।

आवाज सुनकर आसपास मौजूद करीब एक दर्जन ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों के शोर से तेंदुआ बच्ची को छोड़कर भाग गया। बताया जा रहा है कि हमले में बच्ची की गर्दन की नस कट गई थी, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई।

ग्रामीण आनन-फानन में लहूलुहान रागिनी को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां किरण का रो-रोकर बुरा हाल है।

रागिनी के पिता अरुण मजदूरी करते हैं। परिवार में मां-पिता के अलावा चार वर्षीय अंकुश और दो वर्षीय धानू भी हैं। घर की छह वर्षीय बेटी की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पिछले कई दिनों से गांव के आसपास दिखाई दे रहा था। इसकी जानकारी वन विभाग को भी दी गई थी। ग्रामीणों ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। गुरुवार शाम हुए हमले के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई।

मासूम की मौत के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और शांत कराया।

घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष रामगोविंद वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। रेंजर शिव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच रही है।

घटनास्थल पर तेंदुए के पगमार्क की जांच, पिंजरा लगाने और आगे की कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। बच्ची के शव के पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी बाकी है। घटना के बाद गांव में तेंदुए की दहशत बनी हुई है और ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773159 Articles

Share this story