लेखपालों ने अतिरिक्त हलकों का बहिष्कार कर बस्ते जमा किए,आठ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
लेखपालों ने अतिरिक्त हलकों का बहिष्कार कर बस्ते जमा किए,आठ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन


जौनपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मंगलवार को मड़ियाहूं तहसील के लेखपालों ने आठ सूत्री मांगों को लेकर अतिरिक्त हलकों का बहिष्कार किया। लेखपालों ने अपने बस्ते तहसील सभागार में रजिस्ट्रार कानूनगो जय प्रकाश उपाध्याय को सौंप दिए। प्रदर्शन उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के मड़ियाहूं अध्यक्ष अनिल कुमार की अध्यक्षता में हुआ।इससे पहले शनिवार को लेखपालों ने अध्यक्ष अनिल कुमार और महामंत्री शिवशंकर यादव के नेतृत्व में मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा था। इसमें 22 सितंबर से अतिरिक्त हलकों का काम छोड़ने और भविष्य में ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी।

लेखपालों ने मोटरसाइकिल भत्ता 1500 रुपये प्रतिमाह, विशेष भत्ता 100 से बढ़ाकर 1000 रुपये और स्टेशनरी भत्ता 100 से बढ़ाकर 500 रुपये करने की मांग की। इसके अलावा अंतर मंडलीय स्थानांतरण, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने और वर्ष 2024 में नियुक्त लेखपालों के विभागीय परीक्षा परिणाम व प्रमाणपत्र जारी करने की मांग रखी।

उन्होंने भूलेख समेत अन्य सहायक पटल से जुड़े लेखपालों को मुक्त करने तथा ग्राम सचिवालयों में अलग कमरा, फर्नीचर, सुरक्षित रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर, इंटरनेट, बिजली, पानी और सुरक्षा की व्यवस्था की मांग की। लेखपालों का कहना है कि एक लेखपाल के पास चार-पांच गांव होने से आईजीआरएस, आय-जाति-निवास, वरासत और पैमाइश जैसे कार्य समय से पूरा करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे, वेतन विसंगति दूर करने, पद को तकनीकी घोषित करने तथा लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की भी मांग की।

अध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मड़ियाहूं तहसील में 43 हलकों में अभी लेखपाल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर ग्राम सचिवालय रोस्टर का भी बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर सुजित कुमार पटेल, शिवम साहू, मनोज कुमार समेत कई लेखपाल मौजूद रहे।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story