लेखपाल परीक्षा को लेकर रूट डायवर्जन लागू

WhatsApp Channel Join Now

फर्रुखाबाद, 20 मई (हि.स.)। 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने और शहर में सुगम एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू किया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि परीक्षा समाप्ति तक कई मार्गों पर भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।

जारी निर्देशों के अनुसार कन्नौज की ओर से कानपुर रोड होते हुए फतेहगढ़ आने वाले मालवाहक वाहन जैसे ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर, लोडर तथा अन्य बड़े वाहनों को जिला जेल क्रॉसिंग से सेंट्रल जेल मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बस अड्डा नगर से कानपुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसों को लालगेट फव्वारा और आईटीआई होते हुए सेंट्रल जेल मार्ग से निकाला जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्कूल, कॉलेज और परीक्षा केंद्रों के आसपास भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही ई-रिक्शा, ऑटो और टेंपो जैसे हल्के वाहन भी निर्धारित मार्गों से ही संचालित किए जाएंगे तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इनके प्रवेश पर रोक रहेगी। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि पांचालघाट गंगा पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य के कारण यातायात पहले से प्रभावित है। ऐसे में परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले अपने घरों से परीक्षा केंद्रों के लिए रवाना हों, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story