लेखपाल परीक्षा : 23 केंद्रों पर 8,529 परीक्षार्थी रहे उपस्थित

WhatsApp Channel Join Now
लेखपाल परीक्षा : 23 केंद्रों पर 8,529 परीक्षार्थी रहे उपस्थित


एआई तकनीक और सीसीटीवी निगरानी में 1935 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

झांसी, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 गुरुवार को नगर के 23 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित कराई गई। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए इस बार एआई तकनीक के साथ सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर से निगरानी की गई।

नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा में कुल 10,464 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 8,529 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,935 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे मुख्य द्वार बंद कर दिए गए थे और प्रवेश पत्रों की गहन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। साथ ही परीक्षार्थियों के सामान रखने की निःशुल्क व्यवस्था भी केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा की गई। अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम एवं स्ट्रांग रूम की भी सीसीटीवी कैमरों से विशेष निगरानी की गई। परीक्षा के दौरान सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट केंद्रों पर मुस्तैद रहे तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।

उन्होंने शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को बधाई दी। इस दौरान एसपी सिटी प्रीति सिंह, डीआईओएस रति वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story