विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर में कानूनी अधिकाराें व योजनाओं की दी गई जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर में कानूनी अधिकाराें व योजनाओं की दी गई जानकारी


कानपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर नगर तथा छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षा गृह में वृहद विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 43 विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई, जहां आमजन को उनके कानूनी अधिकारों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित कर प्रमाणपत्र व प्रतीकात्मक लाभ भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल, कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिला जज विनय सिंह, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कर्णिका अवध और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण न्याय को सरल और सुलभ बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण न्याय से वंचित लोगों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जा रहे हैं और ऐसे शिविर लोगों को अपने अधिकार समझने का अवसर देते हैं। प्रभारी सचिव कर्णिका अवध ने डीएलएसए की योजनाओं व लोक अदालतों की उपयोगिता बताई, जबकि सीडीओ दीक्षा जैन ने इसे न्याय और विकास को जोड़ने का सशक्त मंच बताया।

शिविर में मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत माधुरी व अनीता को आवास की प्रतीकात्मक चाबी, आयुष्मान योजना में उमा, सुषमा व सिया जानकी को कार्ड, टूल किट योजना में लक्ष्मी व पूजा को सिलाई मशीनें तथा श्रम विभाग की योजनाओं से लाभार्थियों को सहायता दी गई। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण और महिला-बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डूडा, ग्राम विकास, परिवहन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, रेशम विकास, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, मिशन शक्ति, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, श्रम, बाल विकास, खाद्य एवं रसद, स्वास्थ्य, पशुपालन, उद्योग, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और जिला कारागार सहित 43 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story