पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘ब्लैक होल थर्मोडायनेमिक्स’ विषय पर व्याख्यान, छात्रों को मिली नई वैज्ञानिक समझ

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वांचल विश्वविद्यालय में ‘ब्लैक होल थर्मोडायनेमिक्स’ विषय पर व्याख्यान, छात्रों को मिली नई वैज्ञानिक समझ


जौनपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान संस्थान के भौतिकी विभाग में बुधवार को ब्लैक होल थर्मोडायनेमिक्स विषय पर आमंत्रित व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षक, शोधार्थी और छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही।

मुख्य वक्ता के रूप में के.एल.एस. कॉलेज, नवादा (मगध विश्वविद्यालय, बोधगया) के डॉ. सुधाकर उपाध्याय ने ब्लैक होल के ऊष्मागतिक गुणों, हॉकिंग विकिरण और एंट्रॉपी जैसे जटिल विषयों पर सरल और प्रभावी तरीके से प्रकाश डाला। उन्होंने ब्लैक होल के तापमान, ऊर्जा और एंट्रॉपी के बीच संबंध को उदाहरणों के माध्यम से समझाया, जिससे विद्यार्थियों को विषय की गहराई से समझ विकसित करने में मदद मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक एवं विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने की। उन्होंने कहा कि इस तरह के व्याख्यान छात्रों में वैज्ञानिक सोच को विकसित करते हैं और उन्हें शोध के नए आयामों से परिचित कराते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. आलोक कुमार वर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. देवराज सिंह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. राजकुमार, डॉ. पुनीत कुमार धवन, डॉ. सुजीत चौरसिया, डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी, डॉ. काजल डे, डॉ. रामांशु प्रभाकर सिंह और डॉ. संदीप कुमार वर्मा सहित कई प्राध्यापक, शोधार्थी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story