कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पहुंचे जिलाधिकारी, बच्चों से संवाद कर जानी दिनचर्या

WhatsApp Channel Join Now
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पहुंचे जिलाधिकारी, बच्चों से संवाद कर जानी दिनचर्या


मुरादाबाद, 17 अगस्त (हि.स.)। मुरादाबाद के जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने सोमवार को डिलारी विकासखंड के ग्राम मलकपुर सेमली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बालिकाओं से उनकी दिनचर्या एवं अध्ययन से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की तथा उनकी समस्याओं के संबंध में वार्डन से जानकारी ली।जिलाधिकारी ने इससे पूर्व भी विद्यालय का निरीक्षण किया गया था। उस दौरान उन्होंने विद्यालय में आवश्यक संसाधनों को विकसित करने तथा भवन में आवश्यक मरम्मत कार्य कराए जाने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य पूर्ण न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं की सुविधा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए जाएं। जिलाधिकारी ने बालिकाओं के उपयोग में आने वाले बाथरूम को दुरुस्त कराने, पानी की टंकी की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने तथा सोलर पैनल पर सुरक्षा जाली लगवाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय की सीढ़ियों पर टायलीकरण कराने तथा विद्यालय भवन का सौंदर्यीकरण कराने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी भूपेश दिनकर को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराते हुए विद्यालय में बालिकाओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।

---------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story