सदर तहसील में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार और लंबित वादों पर जताया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
सदर तहसील में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, भ्रष्टाचार और लंबित वादों पर जताया विरोध


देवरिया, 01 अगस्त (हि.स.)। सदर तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने शनिवार दोपहर करीब दो बजे तहसील परिसर में कथित भ्रष्टाचार, लंबित राजस्व वादों और न्यायिक कार्यों में हो रही देरी के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने सांकेतिक रूप से भ्रष्टाचार का पुतला दहन कर व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

तहसील बार एसोसिएशन की आमसभा अध्यक्ष युगुल किशोर तिवारी की अध्यक्षता तथा मंत्री विजयसेन यादव के संचालन में आयोजित हुई। बैठक में अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि न्यायालयों से पारित आदेशों का कई-कई महीनों तक अनुपालन नहीं किया जाता। इससे वादकारियों और अधिवक्ताओं को अनावश्यक रूप से बार-बार तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि राजस्व मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा है और कई मामलों में प्रशासनिक स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने मांग की, कि न्यायालय के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, लंबित राजस्व वादों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा तहसील में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। सभा में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लेकर एकजुटता दिखाई और न्यायिक व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story