लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, दूसरे दिन भी न्यायिक कार्य ठप

WhatsApp Channel Join Now
लाठीचार्ज के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, दूसरे दिन भी न्यायिक कार्य ठप


औरैया, 19 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में जिला बार एसोसिएशन औरैया के अधिवक्ताओं ने लखनऊ के अधिवक्ताओं के चैंबरों पर बुलडोजर कार्रवाई और वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप अधिवक्ता दूसरे दिन भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। इससे न्यायालयों में कामकाज प्रभावित रहा।

उल्लेखनीय है कि उच्च न्यायालय के आदेश पर लखनऊ जिला अदालत परिसर के बाहर बने करीब 240 चैंबरों को ध्वस्त किए जाने से अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी है। इसी के विरोध में मंगलवार सुबह अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर से लेकर जेसी चौराहे तक पैदल मार्च निकालते हुए प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं ने इस कार्रवाई को दमनात्मक बताते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अधिवक्ताओं के साथ किया गया व्यवहार पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

धरना-प्रदर्शन और हड़ताल के चलते दूरदराज क्षेत्रों से आए सैकड़ों वादकारियों को बिना सुनवाई वापस लौटना पड़ा। उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोल जारी रहेगा। प्रदर्शन में सुनील दुबे, सुनील मिश्रा, अखिलेश सक्सेना, कुलदीप शुक्ला, अनुराग त्रिपाठी, शिवम शर्मा, अंकित शर्मा, पंकज अवस्थी समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। वहीं इंद्रपाल भदोरिया, अजय पाल, अभिषेक शुक्ला, रवि तिवारी, जितेंद्र दोहरे, सुधीर गौतम, अतेंद्र पांडे और विशाल पोरवाल सहित अन्य अधिवक्ताओं ने भी आंदोलन में सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story