पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विधि विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली

WhatsApp Channel Join Now
पूर्वांचल विश्वविद्यालय के विधि विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली


जौनपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर गुरुवार को विधि संस्थान की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधिक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधि विभाग के अध्यक्ष एवं संस्थान के निदेशक प्रो. विनोद कुमार ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थियों की समाज में कानूनी जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को जरूरतमंद लोगों तक उनके अधिकारों और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाने के लिए आगे आना चाहिए।

विधिक सेवा केंद्र के सह-संयोजक डॉ. इंद्रजीत सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता के नियमों और आमजन को उपलब्ध कानूनी सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना विधिक सेवा का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम का संचालन केंद्र के संयोजक डॉ. मंगला प्रसाद यादव ने किया। स्वागत एवं आभार ज्ञापन सह-संयोजक डॉ. दिनेश सिंह ने किया।

इसके बाद विधि संस्थान के शिक्षक और छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में रैली निकालकर लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता, नागरिक अधिकारों और कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने गरीब, वंचित एवं दिव्यांगजनों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देने तथा जरूरतमंदों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर डॉ. विपिन सिंह, डॉ. अनुराग मिश्र, डॉ. अंकित कुमार, डॉ. शुभम सिंह, डॉ. आश्रया दुबे, डॉ. वनिता सिंह, डॉ. प्रियंका कुमारी, डॉ. राजन तिवारी सहित विधि संस्थान के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story