लव जिहाद के विरुद्ध 19 अप्रैल को लखनऊ में होगी महापंचायत
लखनऊ, 15 अप्रैल (हि.स.)। हिन्दू बेटी बचाओ संघर्ष मोर्चा द्वारा “एक युद्ध - लव जिहाद के विरुद्ध” अभियान के अंतर्गत 19 अप्रैल को पटेल स्मारक पार्क, हजरतगंज में एक विशाल महापंचायत का आयोजन किया जा रहा है। इस महापंचायत का उद्देश्य समाज को जागरूक करना, बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा लव जिहाद जैसे गंभीर मुद्दे पर व्यापक जनसंवाद स्थापित करना है। यह जानकारी कार्यक्रम संयोजक अनुराग शुक्ला ने बुधवार को प्रेसक्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि बीते कुछ समय से लगातार ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें सुनियोजित तरीके से हिंदू बेटियों को प्रेम के जाल में फंसाकर उनका शोषण और धर्म परिवर्तन कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह केवल व्यक्तिगत घटनाएं नहीं, बल्कि एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा होती हैं, साथ ही इसका आतंकवाद से भी कहीं न कहीं कनेक्शन होता है, जिस पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। संघर्ष मोर्चा का यह भी आरोप है कि इस प्रकार की गतिविधियों के पीछे संगठित नेटवर्क सक्रिय होते हैं, जिनकी फंडिंग और संचालन की जांच आवश्यक है। सरकार और प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करते हुए दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए । हाल ही में लखनऊ में हुई लव जिहाद की घटनाएं जैसे कि केजीएमयू मेडिकल कॉलेज में लव जिहाद का केस सामने आया था साथ ही कुछ दिन पहले गोमतीनगर थाने में एक युवती को नौकरी दिलाने के बहाने पहले दोस्ती की फिर प्रेमजाल में फंसाया फिर शोषण इस प्रकार की घटनाएं आम है, अभी लखनऊ हाईकोर्ट में भी लव जिहाद की शिकार महिला ने खुदकुशी करने का प्रयास किया। महापंचायत में लखनऊ जिले से सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न समाज के प्रतिनिधि, संत-महात्मा, महिला संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।
प्रेसवार्ता में विजय बहादुर (अध्यक्ष अवध जागरण न्यास) कृष्ण कुमार मिश्रा (सांस्कृतिक गौरव संस्थान), ज्योत्सना श्रीवास्तव (सामाजिक कार्यकर्ता) विकास शुक्ला (महानगर प्रभारी) संतोष सिंह तिलन, के के दीक्षित, विजय कृष्ण आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

