स्व. गौरी शंकर अवस्थी का संघर्ष और समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्राेत : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
स्व. गौरी शंकर अवस्थी का संघर्ष और समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्राेत : प्रकाश पाल


कानपुर, 27 जून (हि.स.)। लोकतंत्र सेनानी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. गौरी शंकर अवस्थी का जीवन राष्ट्र सेवा, संगठन और सिद्धांतों के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक था। उनका संघर्ष, त्याग और कार्यशैली आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को उनके आदर्शों पर चलने की सीख देती रहेगी। यह बातें शनिवार को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने स्व. गौरी शंकर अवस्थी की 28वीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कहीं।

आचार्य नगर स्थित सिद्धेश्वर मंदिर धर्मशाला में आयोजित स्मृति पुष्पांजलि कार्यक्रम में भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के सैकड़ों नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने स्व. गौरी शंकर अवस्थी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान उनके राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक योगदान को विस्तार से याद किया गया।

प्रकाश पाल ने कहा कि स्व. अवस्थी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्रहित और संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित कर दिया। वे सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करने वाले नेता थे। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए स्व. अवस्थी ने संघर्ष किया और कठिन परिस्थितियों का साहस के साथ सामना किया।

वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक और भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता होने के बावजूद हलीम मुस्लिम महाविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष के रूप में उनका निर्वाचित होना उनके सर्वस्वीकार्य व्यक्तित्व का प्रमाण था। समाज के सभी वर्गों में उन्हें सम्मान और विश्वास प्राप्त था।

सभा में रायपुरवा वार्ड से भाजपा की विजय यात्रा की शुरुआत कराने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनके योगदान का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उनके पुत्र अनूप अवस्थी सेवा और संगठन की उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्व. गौरी शंकर अवस्थी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन गौरव पांडेय ने किया, जबकि आभार अनूप अवस्थी ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर महिला कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष कमलावती सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता, विधायक नीलिमा कटियार, पूनम द्विवेदी, विधायक अमिताभ बाजपेयी, पूर्व राज्य मंत्री अरुणा कोरी, क्षेत्रीय कार्यालय मंत्री राजेश भदौरिया, भाजयुमो क्षेत्रीय अध्यक्ष सुनील साहू, हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी, पूर्व विधायक कमलेश दिवाकर, पार्षद आकर्ष बाजपेयी, गोविंद शुक्ला, अनूप पचौरी, बबलू शुक्ला सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story