सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस में प्रवेश का अंतिम मौका, सीमित सीटों पर सीधे काउंसलिंग

WhatsApp Channel Join Now
सीएसजेएमयू के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस में प्रवेश का अंतिम मौका, सीमित सीटों पर सीधे काउंसलिंग


कानपुर, 26 जून (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की शेष सीटों पर प्रवेश का अंतिम अवसर है। सीमित सीटों को देखते हुए इच्छुक अभ्यर्थी सीधे विभाग पहुंचकर काउंसलिंग करा सकते हैं और उपलब्ध सीट पर प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं। यह बातें शुक्रवार को स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस के निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने कहीं।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस में हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के साथ-साथ हिंदी एवं अंग्रेजी ऑनर्स तथा हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत और अन्य मानवीकी विषयों के संयोजन वाले स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा फ्रेंच और जर्मन भाषा के डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी दाखिले लिए जा रहे हैं।

डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी ने बताया कि विभाग में अब केवल कुछ ही सीटें शेष बची हैं। इसी को देखते हुए विश्वविद्यालय ने 'पहले आओ, पहले पाओ' की व्यवस्था लागू की है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्कूल ऑफ लैंग्वेजेस पहुंचकर काउंसलिंग कर सकते हैं और अपनी सीट सुरक्षित करा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि विभाग में विद्यार्थियों को केवल भाषा और साहित्य का सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि भाषा विज्ञान और साहित्य के व्यावहारिक पक्षों का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। आधुनिक परिसर, अनुभवी प्राध्यापकों का मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराता है।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि विभाग से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शिक्षण, मीडिया, अनुवाद, कंटेंट लेखन और सिविल सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपना करियर बना रहे हैं। उन्होंने प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते काउंसलिंग कराकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story