उग्रसेन सिंह सेतु के बीच मिला बड़ा होल, यातायात बंद, 100 किमी बढ़ा सफर

WhatsApp Channel Join Now
उग्रसेन सिंह सेतु के बीच मिला बड़ा होल, यातायात बंद, 100 किमी बढ़ा सफर


उग्रसेन सिंह सेतु के बीच मिला बड़ा होल, यातायात बंद, 100 किमी बढ़ा सफर


देवरिया, 16 जुलाई (हि.स.)। देवरिया जिले के रामजानकी मार्ग स्थित उग्रसेन सिंह सेतु पर गुरुवार शाम करीब चार बजे पुल के बीच बड़ा होल मिलने के बाद प्रशासन ने एहतियातन वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया। यह पुल गोरखपुर, देवरिया और बिहार को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसके बंद होने से हजारों यात्रियों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।

सूचना मिलते ही प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पुल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में पुल के मध्य भाग में बड़ा होल मिलने पर किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए तत्काल यातायात बंद करने का निर्णय लिया गया।

प्रातीय खण्ड लोक निर्माण विभाग देवरिया अधिशासी अभियंता अनील कुमार जाटव ने बताया कि पुल की तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत पूरी होने तक किसी भी वाहन को वहां से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के निदेशक नुसरतउल्ला खां के निर्देश पर गोरखपुर के बड़हलगंज चौराहे पर भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। वहीं देवरिया के कपरवार तिराहे पर बैरिकेडिंग कर वाहनों को मदनपुर मार्ग से डायवर्ट किया जा रहा है।

पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे बंद पुल की ओर न जाएं और केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करें।

पुल बंद होने का सबसे अधिक असर सार्वजनिक परिवहन पर पड़ा है। गोरखपुर से देवरिया आने वाली रोडवेज और निजी बसों को अब चौरी-चौरा होकर करीब 100 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे यात्रियों का यात्रा समय बढ़ गया है, साथ ही उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story