ग्रीन फील्ड हाईवे के लिए जल्द होगा जमीन अधिग्रहण, राजपत्र जारी
हमीरपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के बहु प्रतीक्षित कानपुर कबरई ग्रीन फील्ड हाईवे के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने 29 जून को राजपत्र जारी करके इस हाइवे के निर्माण को हरी झंडी दिखा दी है। राजपत्र के जारी होते ही इसके जल्द बनने के आसार दिखने लगे है। ग्रीन फील्ड हाईवे सदर विधानसभा के 35 गांव से होकर गुजरेगा। इन गांवों के 1054 किसानों की 308.81 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय कानपुर से कबरई तक ग्रीन फील्ड हाईवे का निर्माण करा रहा है। इस ग्रीन फील्ड हाईवे के निर्माण के प्रक्रिया वर्षों से चल रही है। चिन्हीकरण करने के बाद अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए मंत्रालय ने 29 जून को राज पत्र जारी किया है। यह ग्रीन फील्ड हाईवे सदर विधानसभा क्षेत्र के सदर तहसील एवं मौदहा तहसील के 35 गांव से होकर गुजरेगा। राजपत्र के मुताबिक इस ग्रीनफील्ड हाईवे के लिए मंझूपुर दरिया, मंझूपुर डंडा,बांकी,बांक, पलरा,इंगोहटा,कलौलीतीर दरिया,भकौल, बिलहड़ी,सूरजपुर डांडा, कुछेछा डांडा,अमिरता, चंदुलीतीर, चंदौखी,बदनपुर, सुमेरपुर देहात, दरियापुर, सिलौली,बहरेला, अछरेला,मकरांव,फत्तेपुर,सिचौली, रागौल,भभौरा,लरौंद, चमरखन्ना, छिरका, गहबरा, रतवा, नरायच, रीवन, भवानी गांवों के 1054 किसानों की 308.81 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। जनपद में इसकी लंबाई 47 किमी रहेगी।
भूमि का अधिग्रहण छह लेन के लिए होगा, जबकि इसका निर्माण फोरलेन का कराया जाएगा। कानपुर से कबरई तक इसकी लागत 7145 करोड़ तय की गई है। जमीन अधिग्रहण के बाद इसके निर्माण में तेजी आने की उम्मीद है। इसका निर्माण कार्य पूर्ण करने की अवधि राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने ढाई वर्ष निर्धारित की है। यह ग्रीन फील्ड हाईवे लखनऊ भोपाल से सीधे जुड़ेगा।
राज्य़सभा सांसद बाबूराम निषाद ने बुधवार को शाम बताया कि ग्रीन फील्ड हाइवे के लिए अब जल्द ही भूमि का अधिग्रहण होगा। इसके लिए केन्द्र सरकार ने राजपत्र जारी कर दिया गया है। बताया कि इसके निर्माण से बुंदेलखंड के उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और विकास की नई किरण खुलेगी। जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी होते ही किसानों के चेहरा में मुस्कान तैरने लगी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

