ललित कला अकादमी द्वारा नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
ललित कला अकादमी द्वारा नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन


लखनऊ, 17 अप्रैल (हि.स.)। राज्य ललित कला अकादमी की ओर से नारी शक्ति वंदन विधेयक से प्रेरित “कला नवाचार अभियान” संचालित किया जा रहा है। राज्य ललित कला अकादमी की ओर से शुक्रवार को लाल बारादरी भवन में नारी स्वावलम्बन पर आधारित महिला चित्रकारों को आमंत्रित कर चित्रकला शिविर का आयोजन किया जा रहा है। चित्रकला शिविर का उद्घाटन शुक्रवार को अपर निदेशक, संस्कृति निदेशालय मुख्य अतिथि डॉ. सृष्टि धवन ने दीप प्रज्वलित कर किया।

डॉ. सृष्टि धवन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि नारी सशक्तिकरण केवल नीतियों तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक स्तर तक प्रभावी रूप में पहुँचे। इसी सोच के अनुरूप यह अभियान महिलाओं की सृजनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करते हुए उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाने का कार्य कर रहा है। इस अभियान के माध्यम से नारी शक्ति वंदन विधेयक के प्रावधानों, उसके महत्व एवं महिलाओं के अधिकारों के प्रति जन-सामान्य में व्यापक जागरूकता फैलाना भी एक प्रमुख उद्देश्य है। इसी क्रम में प्रदेश के विभिन्न स्थलों पर कला-आधारित कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, जिनमें वाराणसी के नमो घाट एवं प्रयागराज के संगम क्षेत्र में सैंड आर्ट वर्कशॉप तथा लखनऊ एवं अलीगढ़ में पेंटिंग कैम्प आयोजित किये जा रहे हैं। ये सभी आयोजन नारी सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के साथ-साथ नारी शक्ति वंदन विधेयक के प्रति जन-जागरूकता को सुदृढ़ करेंगे।

इस अवसर पर किरण सिंह राठौर, सदस्य, राज्य ललित कला अकादमी, अकादमी के निदेशक अमित कुमार अग्निहोत्री, महिला कलाकारों में पायल सिंह, मालविका कपूर (लखनऊ), डॉ0 दुर्गेश नन्दिनी शर्मा (गोरखपुर), भारती प्रजापति (झांसी), मानसी मोर्या (लखनऊ), प्रिया वर्मा (लखीमपुर खीरी), शिवांगी राज (सीतापुर), अंजनी वर्मा (सीतापुर), पद्मिनी मेहता (वाराणसी), वैश्वी बर्नवाल (वाराणसी), आशिता गुप्ता (वाराणसी), पायल चक्रवर्ती (प्रयागराज) आदि उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story