खुशखबरी! पर्यटकों के लिए खुलेगा लखनिया दरी, चूनादरी पर रोक
- जिलाधिकारी ने अधिकरियों संग दोनों जल प्रपात का लिया जायजा
- जल्द ही लखनिया दरी सुरक्षा के साथ खोलने का लिया निर्णय
मीरजापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। विहंगम जलप्रपात लखनिया दरी व चूनादरी का रविवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने एडीएम शिव प्रपात शुक्ला, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र, उप जिलाधिकारी चुनार नवनीत सेहरा के साथ निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। साथ ही लखनिया दरी जलप्रपात को कुछ दिनों के अंदर खोलने का निर्णय लिया। बताया कि बैरिकेडिंग लगाने व अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण होने के बाद दो-चार दिनों में यह पर्यटकों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। वहीं चूनादरी जलप्रपात पर लगी प्रशासनिक रोक बरकरार अभी बरकरार रहेगी।
दरअसल, एक वर्ष पूर्व चूनादरी जलप्रपात के कुंड में डूबने से नौ सैलानियों की मौत हो गई थी। इसके बाद से प्रशासन ने लखनिया व चूनादरी जलप्रपात पर पूर्ण रूप से रोक लगा दिया था। इसके चलते दूर-दराज से आए सैलानी विहंगम जलप्रपात पर सैर सपाटा किए बगैर ही लौट जा रहे थे। वहीं जलप्रपात से आजीविका चला रहे सैकड़ों परिवार पर रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया था। लाेगों की परेशानियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने सैलानियों के लिए लखनिया दरी जलप्रपात खोलने का निर्णय लिया। बताया कि लखनिया दरी काफी मनोरम जलप्रपात है। सुरक्षा के कुछ पुख्ता इंतजाम किए जाने के साथ ही इसे पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
शराब ले जाने पर लगेगा एक हजार का जुर्माना
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने लखनिया दरी जलप्रपात पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा को कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। कहा कि शराब के नशे में होने के चलते दुर्घटनाएं ज्यादा हुई हैं। जलप्रपात पर शराब लेकर जाते हुए कोई व्यक्ति पकड़ा जाता है तो उस पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाए।
चूनादरी जलप्रपात पर होगी बैरिकेडिंग, तैनात होंगे पुलिसकर्मी
जिलाधिकारी ने लखनिया दरी जलप्रपात से होकर चूनादरी जलप्रपात जाने वाले मार्ग पर वन विभाग को बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही वहां पर पुलिस व वन विभाग के कर्मचारी भी तैनात रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/राजेश

