मजदूर की करंट लगने से मौत, वेल्डिंग कराते समय हुआ हादसा
कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। रावतपुर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उसे पेंट-पुट्टी का कार्य करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन मौके पर उससे वेल्डिंग का काम कराया जाने लगा। इसी दौरान करंट प्रवाहित होने से उसकी मौत हो गई।
उन्नाव निवासी उमेश सोनी (40) मजदूरी का काम करते थे। शुक्रवार उन्हें रावतपुर स्थित गोपाल टावर के पास स्थित एक मकान में पेंट-पुट्टी के कार्य के लिए बुलाया गया था। परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक, जो बरेली में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के पद पर तैनात हैं, ने मौके पर पहुंचने के बाद उनसे लोहे के ढांचे की वेल्डिंग करानी शुरू कर दी।
परिजनों का कहना है कि उमेश ने काम शुरू करने से पहले बिजली सुरक्षा को लेकर आशंका जताई थी। इस पर उन्हें भरोसा दिलाया गया कि लोहे के ढांचे में करंट नहीं है और काम पूरी तरह सुरक्षित है। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने वेल्डिंग शुरू की, लोहे के ढांचे में करंट दौड़ गया और वह उसकी चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत होता है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

