मजदूर की छत से गिरकर मौत

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 07 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम समरथपुर में किराए के मकान में रह रहे एक मजदूर की छत से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक ने महज 13 दिन पहले ही अपनी बेटी की शादी की थी।

समरथपुर में किराए पर रह रहे लालमन (65) किसी कार्य से मकान की छत पर गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल होने पर परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि लालमन मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी।

उन्होंने 13 दिन पहले ही अपनी एक पुत्री का विवाह किया था। परिवार में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story