लखीमपुर खीरी : बारिश से कच्चा मकान भरभराकर गिरा, दंपति समेत तीन की माैत
लखीमपुर खीरी, 26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नीमगांव थानाक्षेत्र स्थित गांव रहमतपुर में शनिवार को बारिश के कारण कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में दबकर दंपति और उनके बेटे की मौत हो गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना की व्यक्त की है।
उन्होंने मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही साथ मुख्यमंत्री ने बारिश से हुई जनहानि व आर्थिक हानि का आंकलन कर जल्द से जल्द मुआवजा देने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और नीमगांव थानाध्यक्ष प्रवीर कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जिले में दो दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन बेहाल है। रुक-रुककर हो रही बारिश से गांव रहमतपुर में शनिवार तड़के कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। घर में सो रहे मोहन कश्यप (50) उनकी पत्नी कविता कश्यप (45) और आठ वर्षीय पुत्र नानू कश्यप दब गए। घटना की जानकारी पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इस्लाम ने आसपड़ोसियों की मदद से मलबे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में मातम पसर गया।
सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल अनुज वर्मा और एसओ नीमगांव प्रवीर कुमार भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

