लेबर रूम से प्रसूता महिलाओ के सोने के लॉकेट गायब

WhatsApp Channel Join Now
लेबर रूम से प्रसूता महिलाओ के सोने के लॉकेट गायब


कौशांबी, 12 सितंबर (हि.स.)। जनपद में स्वशासी मेडिकल काॅलेज के लेबर रूम से दो प्रसूता महिलाओ के सोने के कीमती लाॅकेट गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाना मंझनपुर पुलिस को लिखित शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लाॅकेट चोरी के मामले में सीएमओ संजय कुयमर ने कहा कि प्रकरण बेहद गंभीर है, ड्यूटी के समय तैनात नर्सेज व अन्य स्टाॅफ से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ऊनो गांव निवासी धनेश कुमार मौर्या ने तहरीर में बताया कि उन्होंने 11 सितंबर को अपनी पत्नी अंजली देवी को जिला अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती कराया था। करीब 10:56 बजे प्रसव के बाद पुत्र पैदा हुआ। आरोप है कि इसके बाद स्टाॅफ नर्स ने उनसे 1500 रुपये मांगे, जिस पर उनकी मां ने 500 रुपये दिए। करीब दोपहर 12 बजे पत्नी को लेबर रूम से वार्ड में लाने के बाद उसने बताया कि प्रसव के दौरान उसका सोने का लॉकेट नर्स ने उतारकर रखा था। लॉकेट मांगने पर नर्स ने जानकारी होने से इनकार कर दिया।

इसी तरह रामपुर बढ़नावां निवासी महेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी मोनिका यादव को 11 सितंबर की रात करीब आठ बजे प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। रात करीब 11:10 बजे पुत्र पैदा होने के बाद स्टाफ नर्स ने 2500 रुपये मांगे। आरोप है कि उन्होंने 1500 रुपये दिए, लेकिन एक हजार रुपये और देने का दबाव बनाया गया। प्रसव के बाद पत्नी ने अपना सोने का लॉकेट नर्स से लाने को कहा, लेकिन नर्स ने लॉकेट के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। महेन्द्र के अनुसार उन्होंने डायल-100 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

दोनों शिकायतकर्ताओं ने मंझनपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर स्टाॅफ नर्सों के खिलाफ जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीएमओ डॉ संजय कुमार ने बताया, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story