दुनिया को संभल में घटित घटनाओं का संदेश देगी 'कल्कि संभल' फिल्म : बाल योगी दीनानाथ

WhatsApp Channel Join Now
दुनिया को संभल में घटित घटनाओं का संदेश देगी 'कल्कि संभल' फिल्म : बाल योगी दीनानाथ


संभल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद संभल के प्राचीन क्षेमनाथ मंदिर के महंत बाल योगी दीनानाथ ने संभल दंगों पर आधारित फिल्म 'कल्कि संभल' का समर्थन किया है। इस फिल्म का निर्माण 'उदयपुर फाइल्स' के निर्माता अमित जानी कर रहे हैं। फिल्म का नाम पहले 'संभल फाइल्स' रखा जाना था, लेकिन टाइटल न मिलने के कारण इसे 'कल्कि संभल' नाम दिया गया। यह फिल्म वर्ष 1978 और 24 नवंबर 2024 को संभल में हुए दंगों के साथ-साथ समय-समय पर हुए अन्य विवादों पर आधारित है।

महंत बालयोगी दीनानाथ ने कहा कि यह फिल्म दुनिया को संभल में घटित घटनाओं का संदेश देगी। उनका कहना है कि संभल के दंगों और हिंदुओं के कथित पलायन का सच सामने आना चाहिए। उनके अनुसार, यह फिल्म समाज को जागरूक करने और 'सनातन समाज' को एकजुट करने का एक प्रयास है।

बालयोगी दीनानाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। यदि कोई भी दंगों के माध्यम से शांति भंग करने का प्रयास करेगा, तो शासन और प्रशासन उससे निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिल्म के निर्देशक अमित जानी की प्रशंसा की कि वे ऐतिहासिक और ज्वलंत तथ्यों को पर्दे पर लाने का साहस कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व में आई ऐसी ही फिल्मों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी फिल्में समाज को बांटती नहीं, बल्कि कड़वे सच से रूबरू कराती हैं।

उन्होंने 1978 के दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि जब सच सामने आएगा, तभी समाज भविष्य के लिए सीख ले सकेगा। महंत बालयोगी दीनानाथ का मानना है कि 'भाईचारे' के नाम पर किसी विशेष समुदाय का शोषण नहीं होना चाहिए और एकता व सुरक्षा के लिए सच का सामने आना अनिवार्य है।

सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महंत ने कहा कि फिल्म को किस तरह लिया जाता है, यह उनकी मानसिकता पर निर्भर करता है। संभल में 184 हिंदुओं को मारे जाने का उल्लेख किया। कहा कि जब यह सत्य सामने आएगा, तो सभी लोग इससे सबक लेंगे। उन्होंने 'सनातन समाज' से एकजुट रहने का आह्वान किया ताकि 'भाईचारे' के नाम पर किसी का शोषण न हो और वे सुरक्षित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar

Share this story