गोरखपुर विश्वविद्यालय के नए कुलपति होंगे प्रो. कृष्ण पाल सिंह, राजभवन ने जारी किया आदेश

WhatsApp Channel Join Now
गोरखपुर विश्वविद्यालय के नए कुलपति होंगे प्रो. कृष्ण पाल सिंह, राजभवन ने जारी किया आदेश


गोरखपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है। प्रो. कृष्ण पाल सिंह को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। राजभवन की ओर से शनिवार काे जारी आदेश में उनकी नियुक्ति पर औपचारिक मुहर लगा दी गई है। उनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष का होगा।

प्रो. कृष्ण पाल सिंह उच्च शिक्षा और विश्वविद्यालय प्रशासन का व्यापक अनुभव रखते हैं। वह इससे पूर्व महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति रह चुके हैं। वर्तमान में वह गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर, उत्तराखंड में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12 की उपधारा-(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रो. सिंह की नियुक्ति की है।

नए कुलपति की नियुक्ति के साथ ही दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में नए नेतृत्व को लेकर बना इंतजार समाप्त हो गया है। अब विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, नवाचार और प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story