श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, श्रद्धालु भावविभोर

WhatsApp Channel Join Now
श्रीमद्भागवत कथा में गूंजा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, श्रद्धालु भावविभोर


औरैया, 21 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल क्षेत्र के गांव जलूपुर स्थित मटर प्लांट के पास चल रहे श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा सुनकर भावविभोर हो उठे।

कथा वाचक आचार्य राम नरेश पाण्डेय ने भगवान श्रीकृष्ण जन्म की पावन कथा का रसपान कराते हुए कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान विभिन्न रूपों में अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने बताया कि कंस के अत्याचारों से त्रस्त पृथ्वी और देवताओं की प्रार्थना पर भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में जन्म लिया। जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, वैसे ही पूरे कथा पंडाल में “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे गूंज उठे।

आचार्य ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानवता, प्रेम और धर्म का संदेश देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल बना सकता है। कथा के दौरान भजनों और संगीतमय प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु झूमते हुए भक्ति रस में डूबे नजर आए। कार्यक्रम में ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। प्रमुख रूप से सर्वेश कश्यप, चतुर सिंह राठौर, मनोज तोमर, मट्टू, कल्लू कठेरिया, जितेंद्र कश्यप, दीपु शंखवार और राजेंद्र कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। कथा समाप्ति के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story