कायमगंज में महिला चौकी इंचार्ज सहित दो दरोगा लाइन हाजिर

WhatsApp Channel Join Now
कायमगंज में महिला चौकी इंचार्ज सहित दो दरोगा लाइन हाजिर


फर्रुखाबाद, 19 मार्च (हि.स.)। एसपी आरती सिंह ने गुरुवार को बड़ा फेर बदल कर दिया है। कायमगंज की रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी महिला उप निरीक्षक सुधा पाल एवं उप निरीक्षक मोहित द्विवेदी को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन से उप निरीक्षक ज्ञान प्रकाश पांडे, उप निरीक्षक अंकुर भट्टी, उप निरीक्षक रामनरेश सिंह एवं उप निरीक्षक अशोक कुमार की कोतवाली कायमगंज में तैनाती की है।

उप निरीक्षक सुधा पाल पर मुकदमे की विवेचना के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप है। कोतवाली कायमगंज के ग्राम रानीपुर गौर निवासी भूपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उप निरीक्षक सुधा पाल ने मुकदमे की विवेचना के लिए 25 हजार मांगे, उसने मजबूरन 7 हजार रुपए उन्हें दे दिए हैं। भूपेन्द्र सिंह शिकायती पत्र भेज कर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि मेरे परिवार की 14 वर्षीय नाबालिग लड़की खेत पर काम करने वाले अपने बाबा को 10 मार्च को 12 बजे दोपहर में खाना देने जा रही थी। रास्ते में ही गाँव के अर्जुन पुत्र भूरे सिंह निवासी रानीपुर गौर और उसके अन्य तीन साथी सुरजीत पुत्र नरेश सिंह व अनिल कुमार पुत्र नरेश सिंह व लालजी पुत्र जीतू उर्फ टिंकू निवासी आजमपुर थाना कम्पिल लडकी को बहला फुसलाकर भगा ले गये।

उक्त प्रकरण के सम्बन्ध में थाना में अभियुक्तगणों के विरूद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट नम्बर-0065/2026 धारा-137 (2) बी०एन०एस० में दर्ज की जा चुकी है। जो नाकाफी है। उपरोक्त प्रकरण की विवेचना सब-इंस्पेक्टर सुधा पाल द्वारा की जा रही है। जिन्होनें मुझसे मुकदमें में विवेचना करनें हेतु 25 हजार रूपयों की मॉग की। जिस पर मैने मजबूरीवश अपने मुकदमें में विवेचना कराने हेतु 7 हजार रूपये दे दिये। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रचलित है। अभियुक्त खुलेआम घूम रहे हैं तथा मुझे व मेरे परिवारिजन को आये दिन गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। धमकी देकर कह रहे हैं कि मैने एसआई (सुधापाल) को खरीद लिया है मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पायेगा। जिससे मुझे व मेरे परिवारिजनों में भय व्याप्त है और डरे हुये हैं। मुझे एसआई (सुधा पाल) से निष्पक्ष न्याय की आशा नहीं रह गई है।

इस कारण विवेचना उपरोक्त एसआई से स्थानान्तरित कर किसी अन्य एसआई से कराया जाना न्याय संगत होगा। एसपी आरती सिंह ने बताया कि कायमगंज में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस लाइन से कई दरोगाओं को नियुक्ति दी गई है । वहां तैनात दो महिला सहित दो दरोगाओं को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story