कानपुर देहात: स्पर्श इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, 12 घंटे की जगह 08 घंटे ड्यूटी की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर देहात: स्पर्श इंडस्ट्रीज के कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, 12 घंटे की जगह 08 घंटे ड्यूटी की मांग


कानपुर देहात, 29 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर देहात में अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंभी स्थित स्पर्श इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में मंगलवार सुबह कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ड्यूटी के घंटों और सुविधाओं की अनदेखी से नाराज दर्जनों कर्मचारियों ने सुबह 08 बजे से ही कारखाना परिसर में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन उनसे रोजाना जबरन करीब 12 घंटे तक काम ले रहा है। लंबे कार्य घंटों के कारण वे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं। कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि श्रम नियमों के अनुसार काम की समयावधि तय कर 08 घंटे की शिफ्ट व्यवस्था लागू की जाए।

काम के समय में कटौती के अलावा, कर्मचारियों ने भविष्य निधि (पीएफ) समेत अन्य कानूनी और बुनियादी सुविधाएं न मिलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार मिलने वाले सभी भत्ते और सुविधाएं कंपनी द्वारा तुरंत उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इस मामले को लेकर कंपनी प्रबंधन की ओर कोई आधिकारिक बयान या सफाई सामने नहीं आई है।

अकबरपुर थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि इलाके में स्थित एक इंडस्ट्री में कर्मचारियों के प्रदर्शन की बात सामने आई थी। मौके पर पहुँच कर सभी कर्मचारियों से बात की गई और उनको समझाने का प्रयास किया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / अवनीश अवस्थी

Share this story