किसान कांग्रेस ने मेगा महारैली की तैयारी को लेकर की जूम बैठक

WhatsApp Channel Join Now
किसान कांग्रेस ने मेगा महारैली की तैयारी को लेकर की जूम बैठक


देवरिया, 24 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में एक नवंबर को प्रस्तावित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मेगा महारैली को सफल बनाने के लिए ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों ने शनिवार काे जूम के माध्यम से बैठक की। कांग्रेस की अगुवाई में इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों की ओर से आयोजित होने वाली इस रैली की तैयारियों और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।

बैठक में ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखपाल सिंह खैरा और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रभारी अखिलेश शुक्ला ने पदाधिकारियों से संवाद कर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया। सुखपाल सिंह खैरा ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि महंगाई और आर्थिक परिस्थितियों का असर आम लोगों तथा किसानों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और सरकार को इन मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला ने कहा कि रैली में अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंच रहा है, जबकि आम जनता की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।

बैठक में देवरिया से किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के प्रदेश महासचिव अभय प्रताप शुक्ल, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय और प्रदेश सचिव महेंद्र यादव शामिल हुए।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766257 Articles

Share this story