हत्यारों को मौत की सजा और घरों पर बुलडाेजर चलाया जाए : हिमांशु पाल

WhatsApp Channel Join Now
हत्यारों को मौत की सजा और घरों पर बुलडाेजर चलाया जाए : हिमांशु पाल


कानपुर, 26 मई (हि.स.)। जिले के किदवई नगर इलाके में बीते रविवार को पिता-पुत्र की चाकू मारकर हत्या की घटना को लेकर व्यापारी समाज में भारी आक्रोश है। कानपुर मार्बल एंड टाइल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मांग पत्र सौंपते हुए हत्यारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। एसोसिएशन ने कहा कि हत्यारों को मृत्युदंड दिया जाए और उनके घरों पर बुलडोजर भी चलाया जाए।

कानपुर मार्बल एंड टाइल्स एसोसिएशन के महामंत्री हिमांशु पाल ने व्यापारियों केे साथ मिलकर जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने बताता कि किदवई नगर स्थित कनक मार्बल्स में कार्यरत शिवनारायण त्रिवेदी, उनके पुत्र शिवम त्रिवेदी और सत्यम त्रिवेदी काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मामूली कहासुनी के बाद बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया।

व्यापारियों ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इससे शहर के कारोबारी और आम लोग भय के माहौल में हैं। मांग पत्र में कहा गया कि हत्यारों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर उन्हें कड़ी सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए क्योंकि दोनों ही अपने परिवार के प्रमुख कमाने वाले सदस्य थे। एसोसिएशन ने मांग पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को भी भेजी है।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story