दिल्ली से अपहृत नाबालिग बालिका को जीआरपी ने कानपुर सेंट्रल पर किया सकुशल बरामद

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली से अपहृत नाबालिग बालिका को जीआरपी ने कानपुर सेंट्रल पर किया सकुशल बरामद


कानपुर, 06 मार्च (हि.स.)। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए राजधानी दिल्ली से अपहृत एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बालिका को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद संबंधित थाने की पुलिस को सौंप दिया गया।

जीआरपी कानपुर सेंट्रल को दिल्ली के गांधी नगर थाना क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को हावड़ा से करीब सात दिन पहले अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। इस संबंध में थाना गांधी नगर दिल्ली में मुकदमा दर्ज किया गया था और बालिका की तलाश में रेलवे स्टेशनों पर सतर्कता बरतने को कहा गया था।

सूचना मिलते ही जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने स्टेशन परिसर में विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और विभिन्न ट्रेनों में सघन तलाशी ली गई। इसी दौरान झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्थिति में एक किशोरी दिखाई दी। पूछताछ करने पर उसकी पहचान नुसरत खातून के रूप में हुई।

जीआरपी टीम ने तत्काल बालिका को सुरक्षित अभिरक्षा में लेकर महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया और आवश्यक पूछताछ की। इसके बाद दिल्ली पुलिस को सूचना देकर नियमानुसार बालिका को उनके सुपुर्द कर दिया गया, ताकि आगे की विधिक कार्रवाई की जा सके।

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने शुक्रवार को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और लापता अथवा अपहृत बच्चों की बरामदगी को लेकर जीआरपी लगातार सतर्क रहती है। समय पर मिली सूचना और टीम की तत्परता से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story