प्रयागराज की खेलो इंडिया महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम विजेता, इविवि की टीम बनी उपविजेता

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज की खेलो इंडिया महिला वॉलीबाल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम विजेता, इविवि की टीम बनी उपविजेता


- पतंजलि ऋषिकुल की टीम को मिला तीसरा स्थान

प्रयागराज, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में तेलियरगंज स्थित पतंजलि ऋषिकुल स्कूल में डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय अस्मिता खेलो इंडिया महिला प्रयागराज वॉलीबाल लीग रविवार को भी सम्पन्न हुई। जिसमें मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय की टीम को 25-21, 19-25 व 25-23 अंकों से हराकर प्रयागराज महिला वॉलीबाल की चैम्पियनशिप ट्रॉफी पर अपना कब्जा कर लिया।

प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने प्रतिभाग कर अपने खेल का प्रदर्शन किया। खेलो इंडिया महिला प्रयागराज लीग का फाइनल मुकाबला इलाहाबाद विश्वविद्यालय और मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम के बीच खेला गया। इसके पूर्व खेले गए प्रतियोगिता के पहले सेमीफाइनल मैच में इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर को 25-21 व 25-18 अंकों से तथा दूसरे सेमीफाइनल मैच में मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम ने पंतजलि ऋषिकुल तेलियरगंज को 25-16 व 25-18 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

फाइनल मैच के पूर्व प्रतियोगिता का हार्डलाइन मैच पतंजलि ऋषिकुल और केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर के बीच खेला गया, जिसमें पतंजलि ऋषिकुल ने केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी जॉर्डन.एच.नाथ की अध्यक्षता में हुई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने फाइनल मैच शुरू होने से पूर्व दोंनो टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। डिस्ट्रिक्ट वॉलीबाल एसोसिएशन के महासचिव आर.पी.शुक्ला ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत एवं अभिनन्दन किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक करछना आंनद कुमार उर्फ कलेक्टर पांडेय ने विजेता टीम मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम को चैम्पियन शील्ड व मेडल तथा उपविजेता टीम इलाहाबाद विश्वविद्यालय की टीम को शील्ड व मेडल और निर्णायकों को व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं मेजबान विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रतियोगिता के संयोजक नित्यानंद सिंह ने विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किया।

डीवीए के कोषाध्यक्ष के. बी. एल. श्रीवास्तव ने अतिथियों का बैच व माल्यार्पण कर स्वागत किया। प्रतियोगिता के दौरान नेशनल रेफरी अल्ताफ अली व फूलचंद गुप्ता के साथ मुकेश शुक्ला, अकांत गुप्ता, निहारिका यादव, संतोष कुमार, धन्नजय राय व आर.पी.राय ने निर्णायक की भूमिका अदा की।

कार्यक्रम का संचालन श्रती मलाकार व बालकृष्ण ने किया। उक्त अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश सचिव डॉ.कीर्तिका अग्रवाल, एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विजया सिंह, प्रधानाचार्या विभा श्रीवास्तव, अरुण सचान, रामनरेश शुक्ला, प्रभाकर चौबे, राजेश वर्मा, राजू पाल, अर्पित द्विवेदी, सौरभ अग्रवाल, प्रवीण पांडेय, चाँदनी वर्मा, नृपजीत सिंह सचान, भैयाराम यादव, अनुपमा द्विवेदी, आनंद फौजी, आशीष कनौजिया, जयेन्द्र प्रताप सिंह, विद्यालय के खेल प्रभारी सुमित यादव, सुचित्रा पांडेय व खुशबु गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story