खादी बोर्ड की होली प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, उद्यमियों का हुआ सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
खादी बोर्ड की होली प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, उद्यमियों का हुआ सम्मान


लखनऊ, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित “लघु खादी एवं ग्रामोद्योगी प्रदर्शनी” का समापन शनिवार को बोर्ड मुख्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ। प्रदर्शनी का आयोजन 20 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक किया गया, जिसमें प्रदेश भर के कारीगरों एवं उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का अवसर मिला।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों को पुरस्कार, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रथम पुरस्कार ग्रामोदय संस्थान, सीतापुर (खादी उत्पाद), द्वितीय पुरस्कार श्रुति शुक्ला, लखनऊ तथा तृतीय पुरस्कार द्राक्षा फैशन, लखनऊ को प्रदान किया गया।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

प्रदर्शनी में कुल 46 स्टॉल लगाए गए, जिनमें खादी वस्त्र, हर्बल गुलाल, पापड़-बड़ी, नमकीन, शहद, आंवला उत्पाद, चादर, गमछे, तौलिये, कुर्ता-पायजामा, रेशम व सिल्क साड़ियां तथा हस्तशिल्प आधारित वस्त्रों की विशेष मांग रही। होली के मद्देनज़र बड़ी संख्या में लोगों ने खरीदारी की, जिससे इस वर्ष कुल बिक्री 54.23 लाख रुपये दर्ज की गई, जो गत वर्ष की 50.17 लाख रुपये की बिक्री से अधिक रही।

कार्यक्रम के अंत में बोर्ड के वित्तीय सलाहकार मानवेन्द्र सिंह ने सभी उद्यमियों, आगंतुकों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story