केजीएमयू में एचआरएफ के खुले तीन नए दवा काउंटर

WhatsApp Channel Join Now
केजीएमयू में एचआरएफ के खुले तीन नए दवा काउंटर


लखनऊ, 19 फरवरी (हि.स.)। मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय प्रशासन ने एचआरएफ के तहत विवि परिसर में तीन नए दवा काउंटर खोला है। इस केंद्र पर दवाएं अधिकतम 80 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ में कमी आएगी।

एक काउंटर मुख्य ओपीडी भवन के भूतल पर और शताब्दी फेज-II भवन में दो काउंटर शुरू किये गये हैं। इस काउंटर पर विशेष रूप से वहां उपचाररत मरीजों को दवाएं एवं सर्जिकल सामग्री सीधे उपलब्ध होगी। केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने गुरूवार को प्रो. कुमार शंतनु,फैकल्टी इंचार्ज प्रो. बालेन्द्र तथा एचआरएफ के वित्तीय सलाहकार दिनेश श्रीवास्तव की उपस्थिति में इसका शुभारम्भ किया।

केजीएमयू के मीडिया प्रभारी प्रो. के.के. सिंह ने बताया कि एचआरएफ की यह पहल मरीजों को पारदर्शी, सुलभ और किफायती दवा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने बताया वर्तमान में केजीएमयू परिसर में कुल 25 दवा आउटलेट्स संचालित हो रहे हैं। साथ ही चार नए आउटलेट्स के निर्माण कार्य की शुरुआत की जा रही है, जिनमें न्यू लारी कार्डियोलॉजी आउटलेट, सर्जरी विभाग के सामने एक नया केंद्र, कोबाल्ट यूनिट के निकट 24×7 संचालित होने वाला आउटलेट तथा जेरियाट्रिक एवं मनोरोग विभाग हेतु विशेष आउटलेट शामिल हैं।

सभी एचआरएफ आउटलेट्स पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा उपलब्ध है, जिससे कैशलेस एवं सुविधाजनक लेनदेन संभव हो सके। प्रत्येक केंद्र सीसीटीवी निगरानी में संचालित हो रहा है, जिससे पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। सभी आउटलेट प्रतिदिन कम से कम 12 घंटे संचालित किए जा रहे हैं, ताकि अधिकाधिक मरीजों को लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story