सोनम वांगचुक का अनशन भ्रम की राजनीति का जीता-जागता सबूत: केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
सोनम वांगचुक का अनशन भ्रम की राजनीति का जीता-जागता सबूत: केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुद्दाविहीन विपक्ष अब भ्रम की छिछली राजनीति पर उतर आया है। वामपंथी ढपली के साथ सोनम वांगचुक का अनशन भी उसी का एक झूठा जीता-जागता सबूत है।

उप मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि विपक्ष कुछ वर्गों को बरगलाकर कभी किसान आंदोलन, कभी शाहीन बाग, कभी एसआईआर, कभी घुसपैठ की झूठी राजनीति के साथ झूठे प्रयोग करने से वह बाज नहीं आता। जनता ने उसकी हर कुत्सित चाल का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया है। देश की जनता अब झूठे भ्रमजाल में फंसने के बजाए विकास, सुरक्षा और सुशासन के आधार पर अपने फ़ैसले लेती हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने लिखा कि लोकतंत्र में जनता ही जनार्दन होती है और उससे कुछ भी छुपा नहीं रह सकता है। सत्ता से छिटके विपक्ष और उनके नेताओं की व्याकुलता भी अब लगातार उनकी नफ़रत में तब्दील होने लगी है। पिछले 12 सालों में यह उफान मारने लगी है। इससे ज़ाहिर है कि देश का भरोसा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व पर लगातार मजबूत हुआ है। लगातार तीन लोकसभा चुनावों के साथ अनेक राज्यों के चुनाव परिणामों का राजग-भाजपा के पक्ष में जाना इस भरोसे पर मुहर लगाता है।

उप मुख्यमंत्री ने लिखा कि भाजपा की राजनीति का मूल मंत्र रहा है, व्यक्ति से बड़ा दल और दल से बड़ा देश। यही कारण है कि विकसित भारत के संकल्प के साथ जनता का भरोसा लगातार भाजपा के साथ जुड़ रहा है। विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए हरेक राज्य भी विकास की नई ऊंचाइयों को छुए। यह कार्य डबल इंजन सरकार के विजन, मिशन, सुशासन और जनकल्याणकारी नीतियों से ही संभव है। जहां भाजपा की सरकार है वहां जनता उसे फिर अवसर देने का मन बना चुकी है। जिन राज्यों में उसकी सत्ता नहीं है, वहां भी जनता परिवर्तन का संकल्प ले रही है। वहां भी चुनावों में कमल खिलेगा और भाजपा की सरकार बनेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story