ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया : केशव प्रसाद मौर्य


-सपा बहादुर को उत्तर प्रदेश में 'सत्ता के सपने' देखना छोड़ देना चाहिए

लखनऊ, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज पूरे देश में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के जयघोष गूंजेंगे। राष्ट्रहित सर्वोपरि है, तुष्टिकरण और घुसपैठ की राजनीति करने वाले स्वाभाविक रूप से बेचैन होंगे। जनता विकास, सुरक्षा और आत्मगौरव के साथ खड़ी है।

उप मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट एक्स पर लिखा कि सपा बहादुर अखिलेश यादव को अब जनता सुनने को तैयार नहीं है। उनके तमिलनाडु वाले ‘भैया’ एम. के. स्टालिन और बंगाल की ‘दीदी’ ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है। उनके 'भैया' राहुल गांधी का हाल पहले ही सब देख चुके हैं। हाल ही में बिहार में तेजस्वी यादव भी ‘चारों खाने चित्त’ हो चुके हैं। अब सपा बहादुर को 2027 में उत्तर प्रदेश में 'सत्ता के सपने' देखना छोड़ देना चाहिए। सच यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में सपा बहादुर के हिस्से अब केवल ‘अंतहीन इंतज़ार’ ही लिखा है। जय भाजपा, तय भाजपा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story