हिमंता बिस्वा सरमा पर ओछी टिप्पणी कर राहुल गांधी ने उत्तर-पूर्वी राज्यों का किया अपमान : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
हिमंता बिस्वा सरमा पर ओछी टिप्पणी कर राहुल गांधी ने उत्तर-पूर्वी राज्यों का किया अपमान : केशव प्रसाद मौर्य


समाजवादी पार्टी का सूर्य अस्त होने की ओर : उप मुख्यमंत्री

लखनऊ, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर ओछी टिप्पणी करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी काे आड़े हाथ लेते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

लखनऊ में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री पर ओछी टिप्पणी कर राहुल गांधी ने साबित कर दिया है कि उनका पांच दफा का सांसद व लोकसभा में विपक्ष के नेता का अनुभव कुंठा से लबालब है। आम आदमी की तो छोड़िए, राहुल गांधी संवैधानिक पद पर बैठे किसी ज़िम्मेदार व्यक्ति को भी किसी क्षण अपमानित कर सकते हैं। लेकिन वे यह नहीं जानते कि हिमंता बिस्वा सरमा पर उनकी ओछी टिप्पणी समूचे उत्तर-पूर्वी राज्यों का अपमान है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी को अपनी हार का शतक लगाने की जल्दबाजी है, असम में भाजपा की जीत उनकी ख्वाहिश जरूर पूरा करेगी। असम में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। तमिलनाडु व केरल में भी भाजपा अच्छा प्रदर्शन करने जा रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 04 मई तृणमूल कांग्रेस ( टीएमसी ) गई। बंगाल की जनता चिल्लाकर कह रही है। जैसे—जैसे टीएमसी की विदाई का समय आ रहा है। वैसे—वैसे बौखला कर देश के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर वहां गये अफसरों को टीएमएसी द्वारा बंधक बनाना और भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले करना उनकी हार की बौखलाहठ का परिणाम है।

सपा का सूर्य अस्त होने की ओर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) से जुड़े सवाल पर कहा कि जब तक 2027 का रिजल्ट नहीं आ जायेगा और सपा एक गाड़ी में बैठकर सैफई वापस नहीं चली जायेगी तब तक सपा की बयानबाजी जारी रहेगी। सपा का सूर्य अस्त होने की ओर है। सपा डूबता हुआ जहाज है। उत्तरप्रदेश में सपा का कोई भविष्य नहीं है। अपराधियों, दंगाइयों और माफियाओं के बल पर उत्तर प्रदेश की सत्ता कोई नहीं हथिया सकता। विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत बनाने के लिए कमल खिला है कमल खिला रहे और तीसरी बार बड़े बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि धरातल पर भाजपा है, जनता के बीच भाजपा है, गरीबों व किसानों के बीच भाजपा है, नौजवानों व मातृशक्ति के बीच भाजपा है। भाजपा ही वर्तमान है। अखिलेश सत्ता पाने को लेकर बेचैन हैं। उनके साथ न तो पिछड़ा है न दलित।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story