प्रत्येक पात्र परिवार को आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता:केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
प्रत्येक पात्र परिवार को आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता:केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 27 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को लखनऊ स्थित हयात रीजेंसी में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की क्षेत्रीय ग्रामीण कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किया।

इस अवसर पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण आवासहीन परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार उपलब्ध कराया जा रहा है। यह योजना केवल आवास उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन में स्थायित्व, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक पात्र परिवार को आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि कोई भी पात्र ग्रामीण परिवार आवास के लाभ से वंचित न रहे।

उप मुख्यमंत्री ने कार्यशाला के आयोजन के लिए भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ने ग्रामीण क्षेत्रों में आवास की समस्या के समाधान को नई गति दी है। उत्तर प्रदेश में अब तक 42 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास योजना -ग्रामीण के तहत आवास तथा लगभग 6 लाख आवास मुख्यमंत्री आवास योजना -ग्रामीण के तहत आवंटित किए जा चुके हैं। प्रदेश में योजना का निरंतर प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है और आवास उपलब्ध कराने के साथ पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

श्री मौर्य ने लाभार्थियों के चयन में पात्रता के मानकों का पालन करने, आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण पूर्ण होने तक नियमित निगरानी रखने तथा पात्र परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का प्रमुख उद्देश्य प्रत्येक पात्र ग्रामीण परिवार को आवास उपलब्ध कराकर उसके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से योजना की प्रगति, क्रियान्वयन की चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर गंभीरता से विचार-विमर्श करने तथा उपयोगी सुझाव प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

उत्तर प्रदेश सरकार की ग्राम्य विकास राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवास, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं के विकास से ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विभागीय समन्वय और प्रभावी निगरानी आवश्यक है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास विभाग, उत्तर प्रदेश शासन सौरभ बाबू ने अतिथियों का स्वागत किया। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निदेशक (ग्रामीण आवास) शक्तिकांत सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना की प्रगति, प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्ता सुधार से संबंधित कार्ययोजना की जानकारी दी। प्रमुख सचिव सौरभ बाबू ने नवाचार, गुणवत्ता और राज्यों के बीच बेहतर कार्यपद्धतियों के आदान-प्रदान पर जोर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767887 Articles

Share this story