जनता ने तुष्टीकरण को नकारा, भाजपा के सुशासन पर लगाई मुहर : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
जनता ने तुष्टीकरण को नकारा, भाजपा के सुशासन पर लगाई मुहर : केशव प्रसाद मौर्य


जनता ने तुष्टीकरण को नकारा, भाजपा के सुशासन पर लगाई मुहर : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली अभूतपूर्व सफलता पर उत्तर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में सोमवार को उत्सव मनाया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की विजय ‘नए भारत’ की जनभावना का स्पष्ट प्रतिबिंब है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को इस सफलता का मुख्य आधार बताते हुए कहा कि देश की जनता अब विकास और सुरक्षा की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है।

मौर्य ने कहा कि इन राज्यों की जनता ने परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकारते हुए भाजपा के सुशासन मॉडल पर मुहर लगाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि यह जीत उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए भी प्रेरणा है और आने वाले चुनावों में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में विकास और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ती रहेगी।

विकास और मजबूत नेतृत्व चाहती है जनता : ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इन चुनाव परिणामों को भारतीय लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि यह सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों की स्वीकृति है। उन्होंने कहा कि जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह स्थिरता, विकास और मजबूत नेतृत्व चाहती है।

पाठक ने कहा कि भाजपा सरकारों ने गरीब, किसान, महिला और युवा सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है, जिसका परिणाम इन चुनावों में देखने को मिला है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, रामप्रताप सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव, हीरो बाजपेयी, मनीष शुक्ला व संजय चौधरी के साथ अन्य पार्टी पदाधिकारी व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story