सपा के दलित सम्मेलन में दलितों को ‘मूर्ख’ कहना ‘महापाप’: केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
सपा के दलित सम्मेलन में दलितों को ‘मूर्ख’ कहना ‘महापाप’: केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 16 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सामने ही पार्टी के दलित सम्मेलन में दलितों को ‘मूर्ख’ कहना ‘महापाप’ है। इस अपराध के लिए समाजवादी पार्टी सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और राजनीति में भाषा की मर्यादा बनाए रखे।

केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लिखा कि हाथ में संविधान की लाल किताब लहराने वाले सपा नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि सपा मुखिया के चाचा प्रोफेसर रामगोपाल यादव की यह घटिया हरकत ‘भारत रत्न’ बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय के विचारों का भी अपमान है। दलित समाज का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे बड़ा कोई राजनीतिक अपराध नहीं हो सकता। लेकिन सपा के लिए यह कोई नई बात नहीं है। यह वही सपा है, जिसने अपने शासनकाल में दलित एवं बहुजन महापुरुषों के नाम पर रखे जिलों के नाम बदलने का ‘पाप’ किया था। जिन्होंने सत्ता में रहते हुए महापुरुषों के नाम मिटाए, वे आज उनके सम्मान के नाम पर सम्मेलन कर रहे हैं। यह समाजवाद नहीं, बल्कि विशुद्ध ‘राजनीतिक पाखंड’ है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा का एक-एक नेता दलितों, पिछड़ों, गरीबों, महिलाओं और अन्नदाता किसानों का दुश्मन है। सपा शासनकाल में दलितों को दुतकारने और उनके उत्पीड़न का लंबा और काला इतिहास रहा है। दरअसल, यह ‘ओछी मानसिकता’ उनके नकली समाजवाद की पोल खोलती है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story