‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत केरल आईआईटी से आए 55 सदस्यीय दल ने राज्यपाल से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत केरल आईआईटी से आए 55 सदस्यीय दल ने राज्यपाल से की मुलाकात


- राज्यपाल ने विद्यार्थियों को कौशल विकास, स्वरोजगार एवं स्टार्टअप के लिए किया प्रेरित

लखनऊ,26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से सोमवार को जन भवन में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित युवा संगम के तहत आईआईटी पलक्कड़, केरल के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आए 55 सदस्यीय दल ने मुलाकात की। दल में 50 विद्यार्थी एवं पांच शिक्षक शामिल हैं। यह दल 22 से 28 अक्टूबर तक काशी हिंदू विश्वविद्यालय के आतिथ्य में उत्तर प्रदेश के विभिन्न सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले स्थलों का भ्रमण कर रहा है।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विद्यार्थियों से पूछा कि इस यात्रा के दौरान उन्होंने क्या सीखा और यहां से लौटने के बाद इन अनुभवों का उपयोग अपने जीवन में किस प्रकार करेंगे। राज्यपाल ने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल विभिन्न राज्यों का भ्रमण करना नहीं, बल्कि वहां की संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन, भाषा, व्यवहार, सामाजिक परिस्थितियों और विकास संबंधी व्यवस्थाओं को समझना भी है। इस पहल की भावना तभी सार्थक होगी, जब देश के विभिन्न प्रदेशों के युवा एक-दूसरे की विशेषताओं को जानें, उनसे सीखें और उन अनुभवों को अपने जीवन में अपनाएं।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे यात्रा के दौरान किए गए अवलोकनों एवं अनुभवों पर लेख लिखें तथा अपने परिवार, मित्रों और सहपाठियों के साथ उन पर चर्चा करें। साथ ही, विभिन्न राज्यों की व्यवस्थाओं, विशेषताओं और विकास संबंधी प्रयासों का अध्ययन कर अपने अनुभवों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।

राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी प्राप्त करने की आकांक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कौशल सीखकर रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल अर्जित करना आवश्यक है, ताकि युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित कर सकें।

इस दौरान राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को वाराणसी में महिला नेतृत्व वाले विकास और कौशल पर आधारित गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग इकाई के उद्घाटन का उल्लेख किया। वाराणसी में आयोजित भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगेज’ एयर शो का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा एवं सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं के लिए अनेक अवसर उपलब्ध हैं। आज महिलाएं भी सशस्त्र सेनाओं सहित विभिन्न सेवाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि युवा संगम के अंतर्गत केरल से आए इस दल ने उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित स्वागत समारोह तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहभागिता की। दल द्वारा श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन, सारनाथ सहित अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण तथा अयोध्या धाम, तीर्थराज प्रयाग और विंध्याचल धाम की यात्रा के माध्यम से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक विरासत को जानने-समझने का अवसर प्राप्त किया जा रहा है।

‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश की विविध संस्कृतियों, भाषाओं, परंपराओं और जीवनशैलियों के बीच आपसी समझ एवं एकता को बढ़ावा देना है। यह कार्यक्रम विभिन्न राज्यों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति, कला, साहित्य और परंपराओं से परिचित कराता है। इससे राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, सद्भाव और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है। यह पहल विविधता में एकता के भारतीय आदर्श को साकार करते हुए राष्ट्र की प्रगति और समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767050 Articles

Share this story