केला प्लांट मालिक से लाखाें की लूट

WhatsApp Channel Join Now
केला प्लांट मालिक से लाखाें की लूट


हाथरस, 03 अप्रैल (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र में केला प्लांट मालिक से लाखों रुपए की लूट हो गई। चार अज्ञात बदमाशों ने मथुरा अड्डा के पीछे स्थित छाबी मियां बाग मैदान के पास प्लांट मालिक हरिओम को घेर लिया। बदमाशों ने उन्हें तमंचे की बट और लाठी-डंडों से पीटा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। बदमाश नकदी, सोने का कड़ा और अंगूठी लूटकर फरार हो गए।

इस्लामनगर, आगरा बायपास मार्ग निवासी हरिओम पुत्र राम भरोसी का मथुरा अड्डा के पीछे छाबी मियां बाग मैदान में केला प्लांट है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे हरिओम प्लांट से दिनभर की बिक्री के 4 लाख 4 हजार 200 रुपये लेकर घर लौट रहे थे। प्लांट से कुछ दूरी पर घात लगाए बैठे चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। पीड़ित हरिओम के अनुसार, बदमाशों ने उन पर तमंचे की बट और ईंटों से हमला किया, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। बदमाशों ने उनके हाथ में पहना सोने का कड़ा, सोने की अंगूठी और नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घायल हरिओम को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनके सिर में 18 टांके आए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। घायल हरिओम को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पीड़ित हरिओम ने पुलिस को बताया कि इस लूटकांड में एक ऐसा युवक भी शामिल है, जिसे उन्होंने पहचान लिया है। यह युवक करीब 15 दिन पहले ही उनके प्लांट पर काम करने आया था।

हरिओम का आरोप है कि उस युवक को प्लांट की नकदी और उनके आने-जाने के समय की पूरी जानकारी थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सीओ अमित पाठक ने बताया कि घटना की जांच में प्रगति हो रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story