अवैध निर्माण पर केडीए का शिकंजा: दो स्थानों पर सीलिंग, 18 काश्तकारों से भूमि क्रय

WhatsApp Channel Join Now
अवैध निर्माण पर केडीए का शिकंजा: दो स्थानों पर सीलिंग, 18 काश्तकारों से भूमि क्रय


कानपुर, 20 मार्च (हि.स.)। बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानपुर विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए शुक्रवार को जोन-1बी क्षेत्र में दो स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। साथ ही न्यू कानपुर सिटी योजना के तहत 18 काश्तकारों से भूमि क्रय की प्रक्रिया भी पूरी की गई। यह बातें शुक्रवार को विशेष उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने कहीं।

कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में प्रवर्तन टीम ने सिंहपुर बाजार रोड, ग्राम सचिवालय गम्भीरपुर कछार (कल्याणपुर) के सामने लगभग 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग पर सीलिंग की कार्रवाई की। वहीं, आराजी संख्या-812 सिंहपुर कछार में न्यू कानपुर सिटी क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 100 वर्ग मीटर में हो रहे अवैध निर्माण को भी सील कर दिया गया। दोनों ही मामलों में बिना मानचित्र स्वीकृति और मानकों के विपरीत निर्माण किया जा रहा था।

सील किए गए परिसरों को थाना बिठूर पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल समेत प्रवर्तन टीम और पुलिस बल मौजूद रहा। साथ ही पूर्व में सील की गई आराजी संख्या-370 में सील तोड़कर निर्माण करने के मामले में सम्बंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

इसके अलावा न्यू कानपुर सिटी योजना के अंतर्गत 18 काश्तकारों से लगभग 0.6491 हेक्टेयर भूमि प्राधिकरण के पक्ष में क्रय की गई। इसके लिए सर्किल दर के चार गुना, कुल चार करोड़ छियालीस हजार से अधिक की धनराशि डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से वितरित की गई। काश्तकारों ने प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्राधिकरण की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story