सरकारी जमीन पर बने कथित अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, केडीए ने हटाया निर्माण
कानपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले बर्रा-छह इलाके में हाईवे के पास सरकारी जमीन पर बनाए गए कथित अवैध कब्रिस्तान के एक हिस्से में शनिवार तड़के केडीए ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के अधिकारियों के साथ सुरक्षाकर्मी और भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। चार से पांच बुलडोजरों की मदद से सरकारी भूमि के दायरे में किए गए निर्माण को हटाया गया।
केडीए अधिकारियों के अनुसार, संबंधित पक्ष को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए पहले ही नोटिस दिया गया था। इसके बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया। मामले को लेकर संबंधित पक्ष न्यायालय भी गया था, लेकिन वहां से राहत नहीं मिलने के बाद केडीए ने कार्रवाई शुरू की।
शनिवार सुबह टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि की सीमा में चिह्नित निर्माण को हटाना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के दौरान स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।
केडीए के ओएसडी सत शुक्ला ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों में जिस भूमि को कब्रिस्तान के रूप में दर्ज किया गया है, उस हिस्से में कोई कार्रवाई नहीं की गई। केवल सरकारी संपत्ति की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया है। उन्होंने बताया कि कब्रों के अंदर के हिस्से को नहीं छुआ गया। सरकारी भूमि की सीमा में कब्रों के ऊपरी हिस्से पर किए गए निर्माण को ही हटाया गया है।
केडीए अधिकारियों के मुताबिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया के तहत यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा कि रिकॉर्ड में कब्रिस्तान के रूप में दर्ज भूमि को कार्रवाई से पूरी तरह अलग रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

