केडीए ने आठ बीघा की अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर

WhatsApp Channel Join Now
केडीए ने आठ बीघा की अवैध प्लाटिंग पर चलाया बुलडोजर


कानपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण(केडीए) ने सोमवार को व्यापक अभियान चलाते हुए करीब आठ बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही तीन अलग-अलग साइटों को ध्वस्त कर दिया। यह जानकारी विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने दी।

केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर प्रवर्तन (जोन-1बी) की टीम ने ग्राम चिरान, मंधना और सिंहपुर क्षेत्र में बिना ले-आउट स्वीकृति और बिना अनुमति विकसित की जा रही प्लाटिंग पर कार्रवाई की गयी। ग्राम चिरान में सी सिंह, जे. सिंह व अन्य की ओर से विकसित की जा रही करीब तीन बीघा अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसी तरह ग्राम मंधना में छोटू लाल, पाल व अन्य की ओर से लगभग तीन बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अनधिकृत कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं ग्राम सिंहपुर में भवर, अनिल व अन्य की ओर से करीब दो बीघा में की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह गिरा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों की कटिंग, नाले, बाउंड्रीवाल, गेट, पिलर, बिजली के खंभे, निर्मित, अर्द्धनिर्मित और निर्माणाधीन भवनों समेत समस्त चिन्हित ढांचों को ध्वस्त किया गया। मौके पर अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर अनिल शर्मा, राम औतार, मनोज, राज कुमार, लाल सिंह सहित प्रवर्तन टीम मौजूद रही। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना बिठूर की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।

केडीए अधिकारियों के मुताबिक सिंहपुर और गंगपुर चकबदा क्षेत्र में करीब आठ बीघा अवैध प्लाटिंग और निर्माण के खिलाफ पहले ही ध्वस्तीकरण आदेश पारित हो चुके हैं, जिन पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील की गई है कि भूमि क्रय करने से पूर्व ले-आउट स्वीकृति की जानकारी जरूर प्राप्त करें और भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराएं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story