हवन-पूजन के साथ कायमगंज चीनी मिल में गूंजी पेराई की पहली गूंज, 14 लाख क्विंटल का लक्ष्य
फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में किसान सहकारी चीनी मिल कायमगंज में बुधवार को नए पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि गंगवार और एसडीएम अभिषेक वर्मा ने बटन दबाकर पेराई सत्र की शुरुआत की। मिल का सायरन बजते ही गन्ना पेराई का काम शुरू हो गया। चालू सत्र में मिल प्रबंधन ने 14 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है।
शुभारंभ समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने हवन में आहुतियां डालकर मिल के सफल संचालन, बेहतर उत्पादन और किसानों की समृद्धि की कामना की। इस दौरान विधायक और एसडीएम ने फीता काटकर मिल के वे-ब्रिज और कंप्यूटराइज्ड कांटे का भी उद्घाटन किया। इन व्यवस्थाओं से गन्ने की तौल में पारदर्शिता आने और किसानों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
पहले गन्ना लेकर पहुंचे किसानों का सम्मान
पेराई सत्र के पहले दिन गन्ना लेकर मिल पहुंचे किसानों का स्वागत कर सम्मानित किया गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली से गन्ना लेकर पहुंचे सवितापुर निवासी गिरंद सिंह और बैलगाड़ी से गन्ना लेकर आए होतेपुर निवासी रतन सिंह को तिलक लगाकर पुरस्कार भेंट किए गए।
मिल के महाप्रबंधक डॉ. नीरज कुमार वर्मा ने बताया कि इस सत्र में 14 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को गन्ना आपूर्ति में परेशानी न हो, तौल व्यवस्था सुचारु रहे और भुगतान समय से किया जाए, इसके लिए विशेष तैयारी की गई है। उन्होंने किसानों से साफ-सुथरा और ताजा गन्ना आपूर्ति करने की अपील की।
पेराई सत्र के शुभारंभ समारोह में स्थानीय मीडिया कर्मियों को आमंत्रित न किए जाने को लेकर भी नाराजगी सामने आई। पत्रकारों का आरोप है कि इस बार मिल प्रबंधन ने चुनिंदा एक-दो समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों को ही बुलाया, जबकि पूर्व के वर्षों में जिले के विभिन्न समाचार माध्यमों को आमंत्रित किया जाता रहा है। पत्रकारों का कहना है कि सहकारी चीनी मिल किसानों और आम जनता से जुड़ी संस्था है। ऐसे सार्वजनिक महत्व के आयोजन में सभी समाचार माध्यमों को समान अवसर मिलना चाहिए। इस संबंध में मिल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है।
समारोह में मिल समिति के उपाध्यक्ष जय कुमार गंगवार, रश्मि दुबे, अरुण दुबे, नवाब सिंह वर्मा, महेंद्र राजपूत, मुख्य रसायनविद रामसेवक दोहरे, मुख्य अभियंता पी. राम और सीसीओ प्रशांत कुमार सहित मिल के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नया पेराई सत्र शुरू होने से क्षेत्र के गन्ना किसानों को अब नियमित खरीद, पारदर्शी तौल और समय से भुगतान की उम्मीद है। 14 लाख क्विंटल का लक्ष्य हासिल करने के साथ किसानों का भरोसा बनाए रखना मिल प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण होगा।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

