कायमगंज तहसीलदार पर भ्रष्टाचार का आरोप, भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री से की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
कायमगंज तहसीलदार पर भ्रष्टाचार का आरोप, भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री से की शिकायत


फर्रुखाबाद,22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले की कायमगंज तहसील में तैनात तहसीलदार विक्रम सिंह पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगने के बाद मामला गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल अध्यक्ष अचरा खलवारा ने रविवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को पत्र भेजकर तहसीलदार को तत्काल पद से हटाने और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि तहसीलदार द्वारा दलालों और अपराधियों का एक संगठित गिरोह बनाकर आम जनता का शोषण किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार, फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं और बाद में उन्हीं मामलों में समझौते के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है।

यह भी आरोप है कि कई मामलों को जानबूझकर सरकारी पोर्टल पर दर्ज नहीं किया जाता, ताकि उच्च अधिकारियों को इसकी भनक न लग सके। तहसील में हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की सक्रिय भूमिका भी बताई गई है, जो इस कथित अवैध वसूली नेटवर्क का हिस्सा हैं।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बार एसोसिएशन द्वारा कई बार हड़ताल और शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जनहित को देखते हुए तहसीलदार को तत्काल प्रभाव से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरण और उनके पूरे कार्यकाल की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई गई है। साथ ही यह भी सिफारिश की गई है कि जांच पूरी होने तक उन्हें किसी भी तहसील का प्रभार न दिया जाए।

इस पत्र में कुनेंद्र गंगवार समेत विधानसभा क्षेत्र के अन्य चार मंडल अध्यक्षों और कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर भी शामिल हैं।

वहीं तहसीलदार विक्रम सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि आरोप लगाने वाले कुनेंद्र गंगवार के खिलाफ उनके न्यायालय में चारागाह की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला विचाराधीन था।

तहसीलदार के मुताबिक, गंगवार ने उन पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने नियमों के तहत कार्य किया। उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित फाइल बाद में स्थानांतरित करा ली गई और उसी के बाद से उन पर आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा केवल न्यायहित में ही कार्य किए जा रहे हैं और लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story