सपा कार्यालय में मनाई गई कांशीराम की पुण्यतिथि, सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया याद
जिला अध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान।
औरैया, 09 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) के जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने शुक्रवार को ककोर स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय में कांशीराम की पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मान्यवर कांशीराम के संघर्ष, विचारों और सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि कांशीराम ने अपना पूरा जीवन दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों को उनके अधिकार दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने बहुजन समाज को जागरूक कर राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उनका संघर्ष सामाजिक समानता, सम्मान और न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान है। उनके विचार आज भी समाज के वंचित वर्गों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि कांशीराम के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान और समान अवसर दिलाने के लिए कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मान्यवर कांशीराम के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और पीडीए समाज सहित सभी वंचित वर्गों के अधिकारों एवं सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाएं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता लालजी शुक्ला, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बाबा रामनरेश यादव, विनोद यादव कक्का, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, रश्मि यादव, कमलेश तिवारी, पल्लवी पाल, रंजना पाल, राजेश राजपूत, दिनेश मिश्रा, ध्रुव यादव, नरेंद्र पाल, ओके चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

